गर्मियों का मौसम आते ही सूरज की तपिश लोगों की मुश्किलें बढ़ाने लगती है. जून के महीने में सूरज का रौद्र रूप देखने को मिल रहा है. तापमान हर दिन अपना ही रिकॉर्ड तोड़ रहा है हर दिन 42 सो 45 पार तापमान में लोगों का हाल बेहाल हो गया है. साथ ही लू और चिलचिलाती धूप की वजह लोग कई सारी समस्याओं के शिकार हो रहे हैं. ऐसे में जरूरी है कि लोग अपना ख्याल रखें. खासकर उन लोगों के लिए जो दिनभर बाहर काम करते हैं, जैसे मजदूर, डिलीवरी बॉय, ट्रैफिक पुलिसकर्मी, या किसान, उन्हें सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है.
कई बार लोग काम में इतने व्यस्त हो जाते हैं कि अपने शरीर की जरूरतों को नजरअंदाज कर देते हैं. लेकिन लगातार तेज धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना, थकान और हीट स्ट्रोक जैसी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं. कुछ मामलों में यह स्थिति जानलेवा भी बन सकती है. इसलिए गर्मी के मौसम में काम के साथ-साथ अपनी सेहत का ख्याल रखना भी उतना ही जरूरी है.
शरीर को ठंडा रखना है सबसे जरूरी
अगर आपको लंबे समय तक धूप में रहना पड़ता है तो सबसे पहले अपने शरीर को हाइड्रेट रखना जरूरी है. ध्यान रखें घर से निकलने से पहले पर्याप्त पानी पिएं और अपने साथ पानी की बोतल जरूर रखें. सिर्फ प्यास लगने पर ही पानी न पिएं, बल्कि थोड़ी-थोड़ी देर में पानी लेते रहें. इसके अलावा नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ और घर में बने शरबत भी शरीर को ठंडक पहुंचाने में मदद करते हैं. जब भी बाहर से घर लौटें तो तुरंत बहुत ठंडा पानी पीने के बजाय सामान्य तापमान वाला पानी लें. इससे शरीर को अचानक तापमान बदलने का झटका नहीं लगता. साथ ही हल्के रंग के ढीले कपड़े पहनने चाहिए, ताकि शरीर में हवा आसानी से पहुंच सके और गर्मी कम महसूस हो.
