भानुप्रतापपुर। कांकेर जिले के भानुप्रतापपुर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। घर में घुसकर महिला के साथ दुष्कर्म करने और लंबे समय से फरार चल रहे दस हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मोहला-मानपुर क्षेत्र से पकड़कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला भानुप्रतापपुर थाना क्षेत्र का है। पीड़िता द्वारा पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी कैलाश नेताम उसका परिचित था। आरोपी ने कुछ समय पहले अपनी जरूरत बताकर महिला से करीब डेढ़ लाख रुपये उधार लिए थे। लेकिन रकम वापस करने के बजाय वह महिला को लगातार प्रताड़ित और ब्लैकमेल करने लगा। आरोपी पैसे लौटाने के बदले महिला पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव भी बना रहा था।
घर में घुसकर किया दुष्कर्म, दी जान से मारने की धमकी
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 19 मार्च 2026 को आरोपी अचानक महिला के घर पहुंचा और अकेलेपन का फायदा उठाकर उसे जबरन घर के पीछे बाड़ी की ओर ले गया, जहां उसने महिला के साथ दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी ने पीड़िता और उसके परिवार को किसी को भी बताने पर जान से मारने की धमकी दी और वहां से फरार हो गया। इसके बाद पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर भानुप्रतापपुर थाने में मामला दर्ज कराया।
आरोपी को पकड़ने एसपी ने बनाई थी विशेष टीम
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए कांकेर पुलिस अधीक्षक (SP) निखिल अशोक राखेचा ने आरोपी की गिरफ्तारी पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित किया था। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आकाश श्रीश्रीमाल और एसडीओपी शेरबहादुर सिंह ठाकुर के मार्गदर्शन में आरोपी की तलाश के लिए एक विशेष टीम का गठन किया गया था।
कामखेड़ा गांव में छिपा था आरोपी, ऐसे हुआ गिरफ्तार
लगातार तलाश के बीच तकनीकी साक्ष्यों (साइबर सेल) और मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस को पता चला कि आरोपी जिला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी के कोहका थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कामखेड़ा में नाम बदलकर छिपा हुआ है।
पुलिस की विशेष टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी कैलाश नेताम को हिरासत में ले लिया। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
