Raipur Desk | राजधानी रायपुर में गुरुवार को अचानक बदले मौसम, तेज आंधी और झमाझम बारिश का सीधा असर हवाई सेवाओं पर पड़ा है। खराब मौसम और बेहद कम दृश्यता (Low Visibility) के कारण स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर लैंडिंग कठीन हो गई, जिसके चलते रायपुर आने वाली दो महत्वपूर्ण उड़ानों को पड़ोसी राज्य के नागपुर एयरपोर्ट पर डायवर्ट करना पड़ा।
बड़ी बात यह है कि डायवर्ट की गई एक फ्लाइट में छत्तीसगढ़ के कई वीआईपी (VIP) नेता भी सवार थे।
डिप्टी CM अरुण साव और भूपेश बघेल की फ्लाइट डायवर्ट
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से रायपुर आ रही एयर इंडिया की फ्लाइट (AI1718) में छत्तीसगढ़ के कई दिग्गज नेता और बड़ी संख्या में आम यात्री सवार थे। रायपुर में मौसम खराब होने के कारण एटीसी (ATC) से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली, जिसके बाद विमान को सुरक्षित नागपुर भेज दिया गया।
फ्लाइट में सवार थे ये दिग्गज चेहरे:
-
अरुण साव (उप मुख्यमंत्री, छत्तीसगढ़)
-
भूपेश बघेल (पूर्व मुख्यमंत्री)
-
दीपक बैज (कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष)
-
गौरी शंकर श्रीवास (भाजपा प्रवक्ता)
ताजा अपडेट: हवाई अड्डा सूत्रों के अनुसार, मौसम साफ होने और एटीसी से क्लियरेंस मिलने के बाद सभी वीआईपी नेताओं और यात्रियों को लेकर यह फ्लाइट नागपुर से वापस रायपुर के लिए उड़ान भरेगी।
इंडिगो की हैदराबाद फ्लाइट भी भेजी गई नागपुर
हवाई सेवाओं पर असर सिर्फ दिल्ली की फ्लाइट पर नहीं पड़ा, बल्कि हैदराबाद से रायपुर आ रही इंडिगो की फ्लाइट (6E7248) को भी खराब मौसम के चलते रायपुर में उतरने नहीं दिया गया। इस विमान को भी नागपुर की तरफ डायवर्ट किया गया है। अचानक हुए इस बदलाव से यात्रियों को थोड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ा।
दिनभर उमस के बाद देर शाम बदला मौसम
बता दें कि गुरुवार को रायपुर में दिनभर तेज धूप और भारी उमस का माहौल था। लेकिन देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली। तेज धूलभरी आंधी-तूफान के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। इस तेज आंधी और बारिश ने जहां एक तरफ लोगों को गर्मी से राहत दी, वहीं दूसरी तरफ शहर के जनजीवन और विमान सेवाओं की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
