रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम के कई रंग देखने को मिल रहे हैं। राज्य के कुछ इलाकों में जहां अच्छी बारिश हो रही है, वहीं राजधानी समेत कुछ जगहों पर लोग अब भी उमस और गर्मी से परेशान हैं। राहत की बात यह है कि आज से हिंदी कैलेंडर का आषाढ़ महीना शुरू हो गया है, जिससे लोगों को अच्छी बरसात की उम्मीद है। मंगलवार सुबह से ही रायपुर के आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 1 जुलाई से पूरे राज्य में पानी गिरने की रफ्तार तेजी से बढ़ेगी।
पिछले 24 घंटों में यहाँ दर्ज की गई बारिश मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में राज्य के लगभग सभी हिस्सों में देर रात हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है। सक्ती, कोंटा, नानगुर, भोपालपटनम, तोकापाल, तिल्दा और मुंगेली में करीब 3-3 सेंटीमीटर पानी गिरा है। वहीं नारायणपुर, जगदलपुर, देवरी और जगरगुंडा में 2-2 सेंटीमीटर वर्षा हुई है। इसके अलावा पेंड्रा, खैरागढ़, छुरिया, खरसिया और नवागढ़ जैसे इलाकों में भी 1-1 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई है।
एक साथ एक्टिव हुए 3 सिस्टम, बढ़ेगी बारिश की रफ्तार मौसम के जानकारों ने बताया कि इस समय तीन अलग-अलग कारणों से पूरे छत्तीसगढ़ में मानसून की हवाएं बेहद सक्रिय हो गई हैं:
-
हवा का एक कम दबाव का क्षेत्र पंजाब से शुरू होकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश होते हुए बिहार तक जा रहा है।
-
तेलंगाना के ऊपर हवा का एक चक्रवात (साइक्लोनिक सर्कुलेशन) बना हुआ है।
-
उत्तर प्रदेश से लेकर मणिपुर तक भी हवा की एक पट्टी (ट्रफ लाइन) बनी हुई है।
इन तीनों सिस्टम के प्रभाव से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में अच्छी बारिश होने के पूरे आसार बन रहे हैं।
मौसम विभाग की चेतावनी: गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका मौसम केंद्र के मुताबिक, आने वाले दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। इसके साथ ही कुछ एक जगहों पर गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका जताई गई है, जिसे लेकर मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने की चेतावनी दी है।
राजधानी रायपुर में आज कैसा रहेगा मिजाज? रायपुर में फिलहाल भारी बारिश नहीं हुई है जिससे उमस बनी हुई है। हालांकि, मंगलवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने शहर में तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ पानी गिरने की संभावना जताई है। मंगलवार को रायपुर का अधिकतम तापमान 35°C और न्यूनतम तापमान 25°C के आसपास रहने का अनुमान है।
