Raipur Nakti Village : नकटी गांव में पीड़ितों के बीच पहुंचे भूपेश बघेल और दीपक बैज, बोले- किसी का घर तोड़कर विधायक का आवास बनना स्वीकार नहीं

Raipur Nakti Village

रायपुर। राजधानी रायपुर के माना थाना क्षेत्र स्थित नकटी गांव में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ हुई प्रशासनिक कार्रवाई के बाद सियासत चरम पर है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज खुद प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे। दोनों नेताओं ने पीड़ितों से मुलाकात कर उनकी आपबीती और पीड़ा को सुना। इस दौरान अपनी व्यथा बताते हुए कई महिलाओं का दर्द भी छलक उठा। कांग्रेस नेताओं ने इस पूरी कार्रवाई और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की कड़ी निंदा की है।

“घर टूट गया तो क्या हुआ, दोबारा बनेगा, कांग्रेस आपके साथ खड़ी है” : दीपक बैज प्रभावित परिवारों से बातचीत के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कार्रवाई के समय मौके पर नहीं पहुंच पाने के लिए माफी मांगी। उन्होंने बताया कि रात करीब 10:30 बजे उन्हें इसकी जानकारी मिली थी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पप्पू बंजारे को मौके पर भेजा था, लेकिन पूरे इलाके को भारी पुलिस बल ने घेर रखा था। बैज ने पीड़ितों को ढांढस बंधाते हुए कहा, “घर टूट गया तो क्या हुआ, घर दोबारा बनेगा। कांग्रेस इस मुश्किल घड़ी में आपके साथ खड़ी है और हर लड़ाई लड़ेगी।” उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि सरकार विधायक और अधिकारियों के लिए आवास बनाने की तैयारी कर रही है, लेकिन इसके लिए गरीबों के घर उजाड़ना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। किसी का घर तोड़कर विधायक का घर नहीं बनना चाहिए।

राजनीति करने नहीं आए, आप जिसे चाहें वोट दें… दीपक बैज ने भावुक अंदाज में कहा कि कांग्रेस यहां राजनीति करने नहीं आई है, बल्कि प्रभावित लोगों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने आई है। आप जिसे चाहें वोट दें, इससे हमें फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में लोगों के घर तोड़े जा रहे हैं, जबकि कांग्रेस के 5 साल के कार्यकाल में कभी किसी का आशियाना नहीं उजाड़ा गया।

13 जुलाई से शुरू हो रहे विधानसभा सत्र में गूंजेगा मुद्दा पीसीसी चीफ ने एलान किया कि आगामी 13 जुलाई से शुरू होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा के सत्र में कांग्रेस नकटी गांव के इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाएगी। इसके अलावा कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही कलेक्टर और राज्यपाल से मुलाकात करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रभावितों को न्याय और सही समाधान नहीं मिला, तो कांग्रेस सड़क पर उतरकर बड़ा आंदोलन और प्रदर्शन करेगी।

स्थानीय विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन पर साधा निशाना बैज ने स्थानीय भाजपा विधायक अनुज शर्मा और सांसद बृजमोहन अग्रवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि अगर वे दोनों चाहते तो यह कार्रवाई आसानी से रुक सकती थी। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि इन दोनों जनप्रतिनिधियों से यह सवाल पूछा जाना चाहिए कि उन्होंने प्रभावित परिवारों के घर क्यों नहीं बचाए?

गरीबों को बुलडोजर से दिखाई जा रही है ताकत: भूपेश बघेल पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा के बाद राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन ने जानबूझकर केवल गरीब परिवारों के मकानों को निशाना बनाया है, जबकि इलाके के प्रभावशाली लोगों के अवैध मकानों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने मांग की कि गांव के आसपास मौजूद सभी अवैध कब्जों पर समान रूप से बुलडोजर चलना चाहिए।

पूर्व सीएम ने सरकार से मांग की है कि जिन लोगों के घर तोड़े गए हैं, उन्हें मकानों का पूरा मुआवजा मिले और उनकी आजीविका के नुकसान की भरपाई की जाए। बघेल ने कहा कि प्रशासन का यह तरीका पूरी तरह गलत है; नियमानुसार पहले प्रभावित लोगों के पुनर्वास (रहने की व्यवस्था) का इंतजाम किया जाना चाहिए था, उसके बाद ही किसी भी तरह की कार्रवाई की जानी चाहिए थी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *