वाड्रफनगर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा संभाग अंतर्गत वाड्रफनगर क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां के स्याही गांव में जंगली मशरूम खाने से एक ही परिवार के 8 लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए हैं। भोजन करने के कुछ ही देर बाद सभी को अचानक तेज पेट दर्द और लगातार उल्टी की शिकायत होने लगी, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, परिवार के सदस्यों ने जंगल से लाए गए मशरूम की सब्जी बनाई थी। खाना खाने के कुछ ही समय बाद एक के बाद एक सभी सदस्यों की तबीयत बिगड़ने लगी। स्थिति को गंभीर देखते हुए ग्रामीणों और परिजनों ने अलग-अलग वाहनों की मदद से सभी पीड़ितों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के मुताबिक मामला जहरीले मशरूम के कारण हुई ‘फूड पॉइजनिंग’ का है। फिलहाल सभी का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है। बारिश के मौसम में जंगली खूखड़ी/मशरुम को लेकर सावधानी बरतने की अपील की जा रही है।
