सक्ती/मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी मानसून सत्र को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। 13 जुलाई 2026 से शुरू होने वाले षष्ठम विधानसभा के दशम सत्र के मद्देनजर सक्ती और मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिलों में समस्त शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के अवकाश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगा दिया गया है। यह प्रतिबंध विधानसभा सत्र के अवसान (समापन) तक लागू रहेगा।
सक्ती और एमसीबी कलेक्टर द्वारा जारी निर्देशों के मुताबिक, विधानसभा सत्र के दौरान विभाग से जुड़े सवालों के समयबद्ध और तथ्यात्मक जवाब देने के लिए सभी कर्मचारियों का मुख्यालय में रहना अनिवार्य है। कार्यालय प्रमुखों को स्पष्ट किया गया है कि वे अपने स्तर पर किसी भी कर्मचारी की छुट्टी मंजूर न करें। अत्यंत अपरिहार्य परिस्थितियों में केवल कलेक्टर या सक्षम अधिकारी की लिखित अनुमति के बाद ही अवकाश स्वीकृत किया जा सकेगा। इसके साथ ही सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को 24 घंटे अपने मोबाइल नंबर पर अलर्ट रहने और संपर्क में रहने की हिदायत दी गई है।
