रायपुर/दिल्ली। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई की है। ED की टीम ने EbixCash के चेयरमैन विकास गर्ग को दिल्ली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली की कोर्ट से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद ED की टीम आरोपी को लेकर रायपुर के लिए रवाना हो चुकी है। बुधवार को विकास गर्ग को रायपुर स्थित विशेष PMLA कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां ED पूछताछ के लिए उनकी रिमांड मांगेगी।
महादेव ऐप की काली कमाई से खरीदी EbixCash की हिस्सेदारी!
जांच एजेंसी ED के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के जरिए कमाए गए कथित अवैध धन (Black Money) को विकास गर्ग के नियंत्रण वाली कंपनियों में निवेश किया गया था।
-
मनी लॉन्ड्रिंग का खेल: अवैध रकम को कई कंपनियों के माध्यम से लेयरिंग (Layering) कर शेयर, प्रतिभूतियों (Securities) और अन्य परिसंपत्तियों को खरीदने में इस्तेमाल किया गया।
-
64% हिस्सेदारी पर कब्जा: जांच में यह बड़ा खुलासा हुआ है कि विकास गर्ग ने ‘एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड’ के जरिए इसी अवैध धन का इस्तेमाल करते हुए EbixCash में 64 फीसदी हिस्सेदारी हासिल की थी। यानी सट्टेबाजी की काली कमाई को सफेद करने (वैध दिखाने) का बड़ा खेल चल रहा था।
3 लिस्टेड कंपनियों का प्रमोटर है विकास गर्ग, 940 करोड़ की संपत्ति पहले ही कुर्क
ED की इस कार्रवाई से कॉरपोरेट जगत में भी हड़कंप मच गया है। विकास गर्ग तीन शेयर बाजार में लिस्टेड (Listed) कंपनियों का प्रमोटर है:
-
विकास इकोटेक लिमिटेड (Vikas Ecotech Ltd)
-
विकास लाइफकेयर लिमिटेड (Vikas Lifecare Ltd)
-
एराया लाइफस्पेसेस लिमिटेड (Eraaya Lifespaces Ltd)
पहले ही लग चुका है बड़ा झटका: आपको बता दें कि ED इस मामले में पहले ही बड़ी कार्रवाई कर चुकी है। हाल ही में विकास गर्ग, उनके परिवार के सदस्यों और उनके स्वामित्व व नियंत्रण वाली कंपनियों की 940.77 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्तियों को ED द्वारा कुर्क (Freeze) किया जा चुका है।
अब रायपुर की PMLA कोर्ट में पेशी के बाद रिमांड मिलने पर ED विकास गर्ग से वित्तीय लेनदेन और महादेव ऐप के प्रमोटर्स से जुड़े कई अन्य बड़े राज उगलवा सकती है। मामले में जांच अभी भी जारी है।
