Korba News : कटघोरा में बस-बोलेरो की आमने-सामने भिड़ंत, आधा दर्जन से अधिक यात्री घायल

Chhattisgarh Korba News : कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के कटघोरा क्षेत्र में सोमवार को सेनानी पेट्रोल पंप के पास यात्रियों से भरी बस और बोलेरो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार, बिलासपुर से कोरबा आ रही यादव बस में करीब 30 से 35 यात्री सवार थे। हादसे में बस में बैठे आधा दर्जन से अधिक यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं बोलेरो में चार लोग सवार थे, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। दोनों वाहनों में सवार अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सड़क किनारे अवैध रूप से खड़े ट्रकों के कारण बस और बोलेरो को पर्याप्त जगह नहीं मिल सकी, जिससे आमने-सामने की टक्कर हो गई। हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य करने का प्रयास किया जा रहा है। सभी घायलों का कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *