Balodabazar News : प्रमोशन नहीं तो आंदोलन तेज होगा: दो सूत्रीय मांगों को लेकर पटवारियों का प्रदर्शन

Chhattisgarh Balodabazar News : बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ में दो सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार को प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। बलौदाबाजार-भाटापारा जिले के पटवारियों ने भी जिला मुख्यालय स्थित दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर शासन से पदोन्नति और वेतन विसंगति दूर करने की मांग उठाई।

पटवारियों की प्रमुख मांग है कि राजस्व निरीक्षक और नायब तहसीलदार के पदों पर नियुक्ति में वरिष्ठता और विभागीय परीक्षा के आधार पर 50-50 प्रतिशत पद आरक्षित किए जाएं। इसके साथ ही लंबे समय से चली आ रही वेतन विसंगति को भी दूर करने की मांग की गई।

पटवारी संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों के कई पद खाली हैं, लेकिन वर्ष 2013 के बाद से अब तक पदोन्नति नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में निराशा का माहौल है। उनका कहना है कि वरिष्ठता और विभागीय परीक्षा के आधार पर योग्य पटवारियों को प्राथमिकता देकर पदोन्नति दी जानी चाहिए।

संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो प्रांत स्तर पर बैठक कर आंदोलन की आगामी रणनीति तय की जाएगी। फिलहाल एक दिवसीय हड़ताल के माध्यम से शासन का ध्यान अपनी मांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *