Bilaspur News : 1992 में बिक चुकी जमीन की 2021 में फिर कराई रजिस्ट्री, फर्जी दस्तावेज बनाकर करोड़ों की ठगी का खेल

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। बिलासपुर में राजस्व रिकॉर्ड की गड़बड़ी का फायदा उठाकर 34 साल पहले बेची जा चुकी जमीन को दोबारा बेचने का मामला सामने आया है। सिविल लाइन पुलिस ने जमीन दलाल रमेश खत्री और जमीन मालिक संजय गवाली के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और कूटरचना का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता शशि बाई रजक ने बताया कि उन्होंने वर्ष 1992 में देवरीखुर्द स्थित 1,308 वर्गफुट जमीन विजय, अजय और संजय गवाली से विधिवत रजिस्ट्री कर खरीदी थी और तब से जमीन पर उनका कब्जा है। आरोप है कि वर्ष 2021 में राजस्व रिकॉर्ड की त्रुटि का फायदा उठाकर आरोपियों ने खसरा नंबर में हेरफेर करते हुए फर्जी दस्तावेज तैयार किए और उसी जमीन की दोबारा रजिस्ट्री करा दी।

पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 1992 में मृत हो चुकी सरस्वती बाई गवाली का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र तैयार कर नामांतरण और रजिस्ट्री की प्रक्रिया पूरी की गई। राजस्व विभाग की जांच और सीमांकन में शशि बाई का कब्जा सही पाया गया, जबकि विवादित रजिस्ट्री और नामांतरण को संदेहास्पद माना गया।

जांच के बाद सिविल लाइन पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और फर्जी दस्तावेज तैयार करने सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि खरीदार को भी जमीन की वास्तविक स्थिति की जानकारी थी और पूरे मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *