Jagdalpur News: जगदलपुर में ट्रैफिक सुधार की कवायद, चरणबद्ध योजना से मिलेगा जाम से छुटकारा

Chhattisgarh Jagdalpur News: जगदलपुर। शहर में लगातार बढ़ते ट्रैफिक जाम और बाजार क्षेत्रों में यातायात के दबाव को कम करने के लिए जिला प्रशासन ने नई यातायात व्यवस्था लागू करने की दिशा में पहल तेज कर दी है। मंगलवार को आयोजित अहम बैठक में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम, जनप्रतिनिधियों, व्यापारिक संगठनों और परिवहन संघ के प्रतिनिधियों ने शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विस्तृत चर्चा की और स्थायी समाधान पर सहमति जताई।

बैठक में बाजार क्षेत्रों में पार्किंग की कमी, सड़क किनारे अतिक्रमण, मालवाहक वाहनों के संचालन और सार्वजनिक परिवहन से जुड़ी समस्याओं पर गंभीर मंथन किया गया। व्यापारियों और जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि शहर के विकास के अनुरूप यातायात व्यवस्था को भी आधुनिक और व्यवस्थित बनाया जाना चाहिए।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विभिन्न विभागों के समन्वय से चरणबद्ध तरीके से नई यातायात योजना लागू की जाएगी। इसके तहत पार्किंग व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा, अतिक्रमण के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई होगी और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

बैठक में यह भी तय किया गया कि किसी भी नई व्यवस्था को लागू करने से पहले व्यापारिक संगठनों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनसुविधा और व्यापारिक गतिविधियों के बीच संतुलन बना रहे। बस्तर चैंबर ऑफ कॉमर्स, परिवहन संघ और व्यापारी संघ ने प्रशासन को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया, जबकि प्रशासन ने जल्द ही आवश्यक कदम उठाकर शहरवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *