बिलासपुर में मलेरिया का तांडव: सिम्स में इलाज के दौरान बैगा महिला की मौत, कोटा क्षेत्र में हड़कंप

बिलासपुर में मलेरिया का तांडव:

बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मलेरिया का प्रकोप थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले के कोटा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम औरापानी की रहने वाली 37 वर्षीय रेखा बैगा की सिम्स (CIMS) अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दुखद घटना ने क्षेत्र में मलेरिया से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग के दावों और तैयारियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

PHC से सिम्स किया गया था रेफर

जानकारी के अनुसार, रेखा बैगा में मलेरिया के लक्षण दिखने पर जांच कराई गई थी, जिसमें रिपोर्ट पॉजिटिव आई। स्थिति बिगड़ने पर उसे सबसे पहले गनियारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया गया। हालांकि, हालत में सुधार न होने और स्थिति अति गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उसे सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया, जहाँ इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

स्वास्थ्य शिविरों में भी मिल रहे नए मरीज

कोटा क्षेत्र में लगातार मलेरिया के नए मामले सामने आने से स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। गुरुवार को विभाग द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य शिविर में भी मलेरिया का एक और नया मरीज पाया गया। हालांकि, स्वास्थ्य विभाग की टीमें प्रभावित गांवों में कैंप लगाकर जांच और दवाओं का वितरण कर रही हैं, लेकिन इसके बावजूद हो रही मौतों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।

कांकेर में भी दो मासूमों की जा चुकी है जान

उल्लेखनीय है कि बिलासपुर से पहले कांकेर जिले में भी मलेरिया ने भीषण तबाही मचाई थी, जहाँ तबीयत बिगड़ने के बाद 9 वर्षीय करीना विश्वकर्मा और 9 वर्षीय छात्र सुभाष कुमेटी की मौत हो गई थी। अब बिलासपुर के आदिवासी बहुल इलाके में हुई इस मौत ने पूरे प्रदेश में मौसमी बीमारियों से निपटने के इंतजामों की पोल खोल दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *