Bilaspur News: जमानत के लिए तंत्र-मंत्र का सहारा? श्मशान घाट से पूजा सामग्री और तस्वीरें बरामद

Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र के ग्राम देवरी स्थित मुक्तिधाम में आधी रात कथित तांत्रिक क्रिया किए जाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों के मुताबिक, चार युवक श्मशान घाट में पूजा-पाठ कर रहे थे। मौके से हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रमेश कुमार सिन्हा और दो अन्य लोगों की तस्वीरें मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

बताया जा रहा है कि देर रात ग्रामीणों को श्मशान घाट में संदिग्ध गतिविधियां होने का संदेह हुआ। काफी देर तक निगरानी करने के बाद ग्रामीण समूह बनाकर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को देखते ही वहां मौजूद चार युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने पीछा कर एक युवक को पकड़ लिया और पुलिस को इसकी सूचना दी।

मौके पर पूजा सामग्री के साथ मरी हुई मछली, नींबू, नारियल, सिंदूर और तीन तस्वीरें मिलीं। घटना से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ करती नजर आ रही है। युवक ने तंत्र-मंत्र करने से इनकार करते हुए खुद को पढ़ा-लिखा बताया।

पुलिस की शुरुआती जांच में पकड़े गए युवक की पहचान ऋषिकेश कुमार निवासी राजकिशोर नगर, बिलासपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में कथित तौर पर सामने आया कि वह सोशल मीडिया के जरिए एक तांत्रिक के संपर्क में आया था। बताया जा रहा है कि युवक का रिश्तेदार प्रियांशु चाकूबाजी के मामले में जेल में बंद है और उसकी जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका लगी हुई है।

पुलिस के अनुसार, कथित तांत्रिक ने युवक के रिश्तेदारों से कहा था कि श्मशान घाट में तांत्रिक क्रिया करने से जेल में बंद रिश्तेदार को जमानत मिल सकती है। इसी दावे के बाद चार लोग देवरी के श्मशान घाट पहुंचे थे। हालांकि, तांत्रिक क्रिया और जमानत के बीच बताए जा रहे संबंध सहित पूरे मामले की पुलिस जांच कर रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि देवरी के मुक्तिधाम में पहले भी इस तरह की संदिग्ध गतिविधियों के मामले सामने आ चुके हैं। ताजा घटना के बाद लोगों में नाराजगी और दहशत का माहौल है। पुलिस पकड़े गए युवक से पूछताछ के साथ ही अन्य युवकों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की जांच में जुटी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *