Kawardha News : कबीरधाम में नकली नोटों का नेटवर्क पकड़ा गया, तीन आरोपी गिरफ्तार; प्रिंटर और टाटा पंच EV भी जब्त

Chhattisgarh Kawardha News : कवर्धा। कबीरधाम पुलिस ने नकली नोट तैयार कर बाजार में खपाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना बोड़ला, चौकी पोंडी और साइबर टीम की संयुक्त कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर कुल 12 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं। इसके अलावा कलर प्रिंटर, मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल टाटा पंच ईवी कार भी जब्त की गई है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी जुलाई 2026 से कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार कर रहे थे और इन्हें असली रकम के तौर पर बाजार में चलाने की कोशिश कर रहे थे। मामले का खुलासा ग्राम कमराखोल निवासी दिनेश कुमार यादव की शिकायत के बाद हुआ। दिनेश ने पुलिस को बताया कि उसने अप्रैल 2026 में घुरवा राम को 3 लाख 75 हजार रुपये उधार दिए थे। रकम वापस मांगने पर घुरवा राम ने उसे पैसे लौटाने का भरोसा दिया।

9 अगस्त को घुरवा राम ने दिनेश को बताया कि सतीश कुमार के माध्यम से रकम भेजी जा रही है और उसे ग्राम पोंडी स्थित शराब भट्ठी के पास बुलाया। रात करीब 9 बजे दिनेश अपने परिचित कैलाश चंद्रवंशी के साथ मौके पर पहुंचा। वहां सतीश कुमार और उसके एक साथी ने काले रंग के बैग में रकम दी। बैग खोलकर जांच करने पर उसमें 500-500 रुपये के कुल 4 लाख 50 हजार रुपये के नोट मिले, जो संदिग्ध थे। जांच के बाद इन्हें नकली पाया गया। इसके बाद 10 अगस्त को दिनेश ने चौकी पोंडी में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने सतीश कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने रामप्रसाद उर्फ रमऊ और घुरवा राम के साथ मिलकर नकली नोट तैयार करने और उन्हें खपाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस ने दोनों अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

जांच में सामने आया कि रामप्रसाद उर्फ रमऊ ने नए बस स्टैंड के पास एक कमरा किराए पर लिया था। इसी कमरे में कलर प्रिंटर की मदद से नकली नोट तैयार किए जाते थे। पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को रामप्रसाद और सतीश कुमार ने कलर प्रिंटर खरीदा था। इसके बाद रामप्रसाद ने किराए का कमरा लिया, जहां वह और घुरवा राम नकली नोट तैयार करते थे। तैयार नोटों को सतीश कुमार और रामप्रसाद आगे पहुंचाने का काम करते थे।

पुलिस ने आरोपियों से 8 लाख रुपये के नकली नोट बरामद किए, जबकि दिनेश को दिए गए 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट भी जब्त किए गए। इस तरह कुल 12 लाख 50 हजार रुपये की नकली करेंसी बरामद हुई है। सतीश कुमार से 2 लाख रुपये, रामप्रसाद उर्फ रमऊ से 4 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट, मोबाइल, कलर प्रिंटर/फोटोकॉपी मशीन और टाटा पंच ईवी कार तथा घुरवा राम से 1 लाख 50 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं।

मामले में चौकी पोंडी, थाना बोड़ला में अपराध क्रमांक 101/2026 के तहत बीएनएस की धारा 179 और 318(4) में अपराध दर्ज किया गया है। जांच के दौरान धारा 178, 180 और 181 भी जोड़ी गई हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने नकली नोट बनाने की सामग्री कहां से जुटाई, अब तक कितनी नकली करेंसी तैयार की और इसे किन-किन स्थानों पर खपाया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सतीश कुमार (33), निवासी मजगांव रोड, थाना कवर्धा, रामप्रसाद उर्फ रमऊ (56), निवासी तालपुर, थाना सिटी कोतवाली कवर्धा और घुरवा राम, निवासी कान्हाभैरा, थाना पिपरिया के रूप में हुई है।

कबीरधाम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध नोट को स्वीकार करने से पहले उसकी अच्छी तरह जांच करें। नकली नोट या किसी संदिग्ध वित्तीय लेन-देन की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या चौकी को सूचना दें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *