CG Bilaspur Crime News: बिलासपुर। हरेली पर्व की तैयारी के बीच मुर्गे के आकार को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि एक भाई ने अपने ही छोटे भाई पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना बिलासपुर के मोपका चौकी क्षेत्र अंतर्गत चिल्हाटी गांव की बताई जा रही है। हमले में घायल युवक को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के मुताबिक गौतम धनवार और उसके छोटे भाई रुपेश धनवार के परिवार हरेली पर्व पर घर में पकाने के लिए मुर्गा लेकर आए थे। बताया जा रहा है कि रुपेश का मुर्गा बड़ा था। इसके बाद गौतम के परिवार में भी बड़ा मुर्गा लाने की बात कही गई। इसी बात को लेकर गौतम नाराज हो गया और दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया।
देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों भाइयों के बीच हाथापाई की स्थिति बन गई। इसी दौरान गौतम ने कथित तौर पर धारदार हथियार से रुपेश पर हमला कर दिया। हमले में रुपेश गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने उसे तत्काल सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने के बाद मोपका चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस विवाद की वास्तविक वजह, घटनाक्रम और हमले से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।
