Ambikapur News : अंबिकापुर में 8 भट्ठियों पर बन रही थी अवैध शराब, आबकारी टीम ने आरोपी को पकड़ा

Chhattisgarh Ambikapur News : अंबिकापुर। 15 अगस्त से पहले छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने अंबिकापुर के पटपरिया इलाके में छापेमारी कर किराए के मकान में संचालित महुआ शराब बनाने की फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में टीम ने किराए के मकान में दबिश दी। तलाशी के दौरान मौके पर बड़े पैमाने पर महुआ शराब बनाने का सामान और कच्चा माल बरामद हुआ। टीम ने कुल 70 लीटर महुआ शराब और 480 किलो महुआ लाहन जब्त किया है।

जांच के दौरान सामने आया कि मकान के एक कमरे में आठ भट्ठियों पर महुआ शराब तैयार की जा रही थी। वहीं दूसरे कमरे में 24 प्लास्टिक डिब्बों में करीब 480 किलो महुआ लाहन रखा हुआ था। आबकारी टीम ने मौके से शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और उपकरण भी जब्त किए।

कार्रवाई के दौरान आबकारी उड़नदस्ता ने अर्जुन कुजुर को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की गई। विभाग के मुताबिक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

15 अगस्त के मद्देनजर आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन के खिलाफ निगरानी बढ़ाई गई है। इसी अभियान के तहत हुई इस कार्रवाई को विभाग की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *