Raipur News : ट्रेन में तस्करी का खुलासा, 7 सोने के बिस्किट और एक छड़ के साथ दो संदिग्ध पकड़े

Chhattisgarh Raipur News : रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम ने डीआरआई नागपुर के साथ मिलकर बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस से करीब 2 करोड़ रुपये का विदेशी सोना बरामद किया है। संयुक्त टीम ने कार्रवाई के दौरान दो संदिग्धों को भी पकड़ा है। बरामद सोने का कुल वजन करीब 1.242 किलोग्राम है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 करोड़ 96 लाख 34 हजार 307 रुपये बताई गई है।

जानकारी के मुताबिक, आरपीएफ क्राइम ब्रांच नागपुर के निरीक्षक को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12262 हावड़ा-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस में दो व्यक्ति विदेशी सोने की तस्करी कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ क्राइम ब्रांच रायपुर और नागपुर की टीम को डीआरआई नागपुर के अधिकारियों के साथ संयुक्त जांच के निर्देश दिए गए।

इसके बाद टीम ने रायपुर से नागपुर के बीच ट्रेन में सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान B-12 कोच में दो संदिग्ध व्यक्ति मिले। टीम ने दोनों को भंडारा-नागपुर के बीच पकड़ लिया और उनकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से करीब 1.242 किलोग्राम विदेशी सोना बरामद हुआ। जब्त सोने में सात सोने के बिस्किट और एक सोने की छड़ शामिल है। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सोने की अनुमानित कीमत ₹1,96,34,307 है।

कार्रवाई के बाद आरपीएफ ने दोनों संदिग्धों को बरामद सोने समेत आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए डीआरआई नागपुर के सुपुर्द कर दिया। डीआरआई ने मामले में कस्टम अधिनियम, 1962 की धारा 135 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि विदेशी सोना कहां से लाया गया था और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके अलावा सोने की तस्करी से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। दोनों संदिग्धों से पूछताछ कर मामले की आगे की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *