Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर धमतरी जिले के लिए गौरव करने वाली खबर सामने आई है। 103वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति यानी एसएलबीसी की बैठक में धमतरी जिले को बैंकिंग क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। जिले को यह सम्मान सीडी रेशियो, एसीपी बजट लक्ष्य की प्राप्ति और एनपीए वसूली के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए मिला है।
रायपुर में मुख्य सचिव विकास शील की अध्यक्षता में 103वीं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान धमतरी जिले को बैंकिंग क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन पुरस्कार प्रदान किया गया। धमतरी की ओर से लीड बैंक मैनेजर इंदर कुमार तिलवानी ने यह पुरस्कार ग्रहण किया।
धमतरी जिले ने सीडी रेशियो, एसीपी बजट लक्ष्य हासिल करने और एनपीए की प्रभावी वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रदर्शन किया है। इस उपलब्धि पर कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने जिले की बैंकिंग और प्रशासनिक टीम को बधाई दी। जिले में किसानों, महिला स्व-सहायता समूहों, उद्यमियों और छोटे व्यवसायियों को प्राथमिकता क्षेत्र के तहत वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के साथ ही लंबित ऋणों की वसूली पर भी लगातार काम किया जा रहा है।
प्रशासन और बैंकिंग संस्थानों के बेहतर समन्वय से मिली इस उपलब्धि को जिले में वित्तीय समावेशन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बैंकिंग क्षेत्र में धमतरी के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन से जिले का गौरव बढ़ा है और आने वाले समय में वित्तीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन की उम्मीद भी मजबूत हुई है।
