Bank Strike Today: आज देशभर में बैंक हड़ताल, SBI-PNB समेत कई सरकारी बैंकों की सेवाएं प्रभावित

Bank Strike Today: नई दिल्ली। अगर आपका खाता सरकारी बैंक में है और आज बैंक जाने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है। 5-डे वर्किंग समेत विभिन्न मांगों को लेकर देशभर के बैंक कर्मचारी आज एक दिन की हड़ताल पर हैं। यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के आह्वान पर हो रही इस हड़ताल का असर स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI), पंजाब नेशनल बैंक (PNB), यूनियन बैंक समेत कई सरकारी बैंकों की शाखाओं के कामकाज पर पड़ सकता है।

तीन दिन बंद रहेंगे बैंक

शुक्रवार 11 सितंबर को बैंक कर्मचारियों की हड़ताल है। इसके बाद 12 सितंबर को महीने का दूसरा शनिवार और 13 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी। ऐसे में नियमित बैंकिंग सेवाएं अब सोमवार 14 सितंबर से शुरू होंगी। लगातार तीन दिन शाखाओं के बंद रहने से ग्राहकों को बैंक से जुड़े जरूरी काम के लिए परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

UPI, ATM और मोबाइल बैंकिंग रहेंगी चालू

बैंक हड़ताल के बावजूद डिजिटल बैंकिंग सेवाएं सामान्य रूप से उपलब्ध रहने की उम्मीद है। ग्राहक UPI, मोबाइल बैंकिंग, इंटरनेट बैंकिंग और ATM के जरिए जरूरी लेन-देन कर सकेंगे। हालांकि, शाखा स्तर पर होने वाले कामकाज प्रभावित हो सकते हैं।

SBI ने ग्राहकों को जारी की एडवाइजरी

हड़ताल को लेकर SBI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X के जरिए अपने ग्राहकों को एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने बताया कि शाखाओं और कार्यालयों के सामान्य कामकाज के लिए जरूरी इंतजाम किए गए हैं, लेकिन 11 सितंबर की प्रस्तावित हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं। SBI ने ग्राहकों को सलाह दी है कि अगर कोई जरूरी बैंकिंग ट्रांजैक्शन करना है तो उसे डिजिटल या इंटरनेट बैंकिंग के माध्यम से पूरा कर लें।

क्या हैं बैंक यूनियनों की प्रमुख मांगें?

बैंक कर्मचारियों की सबसे प्रमुख मांग सप्ताह में पांच दिन बैंकिंग व्यवस्था लागू करना है। यूनियनों की मांग है कि सोमवार से शुक्रवार तक बैंकिंग कार्य हो और शनिवार-रविवार को पूर्ण अवकाश दिया जाए। इसके अलावा परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) स्कीम की समीक्षा समेत अन्य मांगों को लेकर भी बैंक यूनियनें सरकार और बैंक प्रबंधन से बातचीत कर रही हैं। UFBU में AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBOC और INBEF समेत सात बैंक यूनियनें शामिल हैं।

26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी

बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगों पर सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 26 अक्टूबर से देशभर में अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जा सकती है। यूनियनों का कहना है कि उनकी लंबित मांगों का जल्द समाधान किया जाना चाहिए।

ग्राहकों को क्या करना चाहिए?

बैंक शाखा से जुड़ा कोई जरूरी काम है तो उसे सोमवार से पहले पूरा करने के लिए डिजिटल विकल्पों का इस्तेमाल किया जा सकता है। UPI, ATM, मोबाइल बैंकिंग और इंटरनेट बैंकिंग जैसी सेवाओं के जरिए अधिकांश सामान्य लेन-देन किए जा सकते हैं। हालांकि, जिन कामों के लिए शाखा में जाना जरूरी है, उनके लिए ग्राहकों को 14 सितंबर तक इंतजार करना पड़ सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *