PM awas debate: PM आवास पर आमने-सामने भूपेश बघेल और विजय शर्मा, रायपुर प्रेस क्लब में सियासी बहस

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना को लेकर छत्तीसगढ़ की सियासत में लंबे समय से जारी आरोप-प्रत्यारोप अब आमने-सामने की बहस तक पहुंच गया है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और डिप्टी सीएम विजय शर्मा आज रायपुर प्रेस क्लब में पीएम आवास के मुद्दे पर आमने-सामने हैं।

दोनों नेताओं की सार्वजनिक बहस की चुनौती के बाद रायपुर प्रेस क्लब को बहस के लिए चुना गया था। मंगलवार सुबह से ही प्रेस क्लब परिसर में राजनीतिक हलचल तेज रही। दोनों नेताओं के पहुंचने के बाद बहस को लेकर सियासी सरगर्मी और बढ़ गई।

आमंत्रण को लेकर पहले उठे थे सवाल

बहस से पहले कांग्रेस की ओर से यह सवाल उठाया गया था कि सरकार या विजय शर्मा की ओर से भूपेश बघेल को औपचारिक निमंत्रण नहीं मिला है। कांग्रेस ने कहा था कि आमंत्रण मिलते ही भूपेश बघेल बहस में शामिल होंगे।

अब दोनों नेता प्रेस क्लब पहुंच चुके हैं और बहस के लिए मंच पर मौजूद हैं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बहस को देखते हुए रायपुर प्रेस क्लब में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। डीसीपी सेंट्रल, एडीसीपी और एसीपी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। आधा दर्जन से अधिक थानेदारों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस जवानों की तैनाती की गई है।

सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

मंच पर तीन कुर्सियां, मोहन तिवारी मेडिएटर

बहस के लिए मंच पर तीन कुर्सियां लगाई गई हैं। एक कुर्सी पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, दूसरी डिप्टी सीएम विजय शर्मा और तीसरी रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी के लिए रखी गई है।

मोहन तिवारी इस बहस में मेडिएटर की भूमिका निभाएंगे।

शैलेश नितिन त्रिवेदी को पुलिस ने रोका

बहस शुरू होने से पहले प्रेस क्लब परिसर में उस वक्त भी गहमागहमी देखने को मिली, जब वरिष्ठ कांग्रेस नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी को पुलिस ने अंदर जाने से रोक दिया।

इस दौरान कांग्रेस नेता और पुलिसकर्मियों के बीच विवाद की स्थिति भी बनी। बाद में शैलेश नितिन त्रिवेदी के साथ आरपी सिंह भी प्रेस क्लब पहुंचे।

भाजपा कार्यकर्ता भी पहुंचे

दूसरी ओर, बहस से पहले भाजपा कार्यकर्ता भी प्रेस क्लब पहुंच गए। भाजयुमो अध्यक्ष राहुल टिकरिया समेत भाजपा के कई कार्यकर्ता मौके पर मौजूद रहे।

इसी बीच सोशल मीडिया पर पूर्ववर्ती भूपेश सरकार के कार्यकाल से जुड़ा एक पत्र भी वायरल किया गया। भाजपा की ओर से तत्कालीन पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री टीएस सिंहदेव का पत्र शेयर किया गया है।

अब सभी की नजरें इस बात पर हैं कि पीएम आवास योजना को लेकर आमने-सामने आए दोनों नेताओं के बीच बहस में कौन से मुद्दे उठते हैं और किसके दावों पर सियासी  पलटवार होता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *