Balrampur News: सड़क की बदहाली ने बढ़ाया खतरा, साइड देने के दौरान धंसी बस; यात्रियों की जान बची

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर: अंबिकापुर से रामानुजगंज जा रही गुरुनानक बस बुधवार सुबह करीब 9 बजे चलगली ग्रामीण बैंक के पास हादसे का शिकार होते-होते बच गई। सामने से आ रही दुर्गा बस को साइड देने के दौरान गुरुनानक बस का एक पहिया सड़क किनारे धंस गया। बस के एक तरफ झुकने से यात्रियों में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई।

चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

घटना के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को नियंत्रित कर लिया। इससे बस में सवार चालक, परिचालक और यात्रियों को किसी तरह की चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस स्थान पर यह घटना हुई, वहां सड़क का किनारा काफी संकरा और कमजोर है। दो बड़ी बसों के एक साथ गुजरने के दौरान साइड देने में वाहन के सड़क से नीचे उतरने का खतरा बना रहता है।

सड़क की मजबूती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

इस घटना ने सड़क की चौड़ाई और किनारों की मजबूती के साथ यातायात सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क किनारे का हिस्सा कमजोर होने के कारण यहां बड़े वाहनों के लिए खतरा बना रहता है।

अगर बस का पहिया और ज्यादा धंस जाता या चालक समय रहते वाहन को नियंत्रित नहीं कर पाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। फिलहाल घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटना ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता जरूर बढ़ा दी है।

सड़क किनारे सुरक्षा इंतजाम की मांग

स्थानीय लोगों ने सड़क के कमजोर किनारों को दुरुस्त कराने और ऐसे स्थानों पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाने की जरूरत बताई है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे की स्थिति पैदा न हो।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *