Korba News: तालाब में डूबीं 3 मासूम सहेलियां, तीनों के शव बरामद, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

Korba News: कोरबा। जिले में तालाब में नहाने गई तीन मासूम बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों की पहचान इंदु (7), राखी (8) और साधना (8) के रूप में हुई है। तीनों बच्चियां एक ही बस्ती की रहने वाली थीं और आपस में सहेलियां थीं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और इलाके में मातम पसरा हुआ है।

बताया गया कि घटना के दिन तीनों बच्चियां स्कूल नहीं गई थीं और घर पर थीं। उनके परिजन काम पर गए हुए थे। दोपहर के समय तीनों सहेलियां तालाब में नहाने के लिए चली गईं। काफी देर तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने ग्रामीणों के साथ उनकी तलाश शुरू की।

तलाश के दौरान ग्रामीण तालाब के पास पहुंचे तो वहां तीनों बच्चियों के कपड़े और चप्पल मिले। इसी दौरान तालाब में इंदु का शव तैरता हुआ दिखाई दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने तालाब में खोजबीन शुरू की और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक पुलिस स्टाफ के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस और ग्रामीणों ने तालाब में उतरकर बच्चियों की तलाश शुरू की। काफी मशक्कत के बाद राखी और साधना के शव भी बरामद कर लिए गए।

बताया जा रहा है कि जब तीनों बच्चियां तालाब में नहाने गई थीं, उस समय वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था। एक ग्रामीण के तालाब के पास पहुंचने पर बच्ची का शव पानी में तैरता दिखाई दिया, जिसके बाद घटना की जानकारी सामने आई। प्रारंभिक जांच में तीनों की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर मामले की जांच कर रही है।

पाली थाना प्रभारी मनोज कौशिक ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची थी। तीनों बच्चियों के शव बरामद कर आवश्यक कार्रवाई की गई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *