Raigarh News: PDS गड़बड़ी में फरार आरोपी गिरफ्तार, 31.75 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी का मामला

Raigarh News: रायगढ़। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) में खाद्यान्न गड़बड़ी के मामले में फरार चल रहे आरोपी शहनवाज उर्फ मौसम खान को रायगढ़ पुलिस ने गिरफ्तार किया है। धरमजयगढ़ के गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान में 704.93 क्विंटल चावल, शक्कर और नमक समेत करीब 18.86 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी मिली थी। वहीं ससकोबा की दुकान में भी 499.65 क्विंटल चावल समेत करीब 12.89 लाख रुपये के खाद्यान्न की कमी सामने आई थी। दोनों मामलों में कुल 31.75 लाख रुपये से अधिक के खाद्यान्न की कमी पाई गई है।

धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को जांच की थी। जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक की कमी मिली, जिसकी कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि अगस्त महीने में कुछ हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगर लगवाने के बावजूद उन्हें राशन का वितरण नहीं किया गया।

इस मामले में सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 288/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने 12 सितंबर को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया अभी फरार है।

इसी तरह ग्राम गनपतपुर स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009080 की जांच में 704.93 क्विंटल चावल, 15.34 क्विंटल शक्कर और 31.98 क्विंटल नमक की कमी पाई गई। खाद्य विभाग के अनुसार, इसकी कुल कीमत करीब 18 लाख 86 हजार 345 रुपये है। जांच में दुकान का संचालन जननी महिला स्व सहायता समूह की अध्यक्ष रूबीना खान, सचिव शाहिन खान और विक्रेता शहनवाज उर्फ मौसम खान द्वारा किया जाना पाया गया।

खाद्य विभाग के जांच प्रतिवेदन और पंचनामा के आधार पर तीनों के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध क्रमांक 289/2026 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 में मामला दर्ज किया गया। पुलिस को मामला दर्ज होने के बाद आरोपी शहनवाज खान के सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ में भर्ती होकर उपचार कराने की जानकारी मिली थी। चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव के नेतृत्व में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

इसी दौरान पुलिस को आरोपी के गांव में देखे जाने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तत्काल दबिश देकर शहनवाज उर्फ मौसम खान को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों प्रकरणों में ससकोबा उचित मूल्य दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया तथा गनपतपुर दुकान की अध्यक्ष रूबीना खान और सचिव शाहिन खान की गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *