Kawardha News: अवैध रेत परिवहन पर बवाल, ग्रामीणों को रौंदने की कोशिश का आरोप, खेत में घुसा तेज रफ्तार ट्रैक्टर

Chhattisgarh Kawardha News: कवर्धा। झलमला थाना क्षेत्र के शीतलपानी गांव में कथित अवैध रेत परिवहन को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि जंगल से रेत लेकर जा रहे एक ट्रैक्टर को रोकने की कोशिश करने पर चालक ने वाहन की रफ्तार बढ़ा दी और ग्रामीणों को रौंदने का प्रयास किया। तेज रफ्तार के चलते ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित खेत में जा घुसा।

बताया जा रहा है कि खेत में पानी भरा होने के कारण ट्रैक्टर की रफ्तार कम हो गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। घटना में चालक भी सुरक्षित बच गया। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने चालक पर शराब के नशे में वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए उसे जमकर फटकार लगाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि ट्रैक्टर खेत में नहीं जाता और इसी रफ्तार से आगे बढ़ता रहता तो गंभीर हादसा हो सकता था।

घटना के बाद ग्रामीण ट्रैक्टर मालिक को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़े रहे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। खेत में फंसे ट्रैक्टर को जेसीबी की मदद से बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अवैध रेत परिवहन के आरोपों के साथ घटना के दौरान वाहन चलाने की परिस्थितियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *