Raipur News: सदर बाजार के 10 जर्जर मकानों पर कार्रवाई, गणेश विसर्जन झांकी से पहले खाली करने के नोटिस

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। 28 सितंबर को होने वाली गणेश मूर्ति विसर्जन झांकी को देखते हुए नगर निगम ने झांकी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर मीनल चौबे ने अधिकारियों और पुलिस की संयुक्त टीम के साथ फूलचौक से सदर बाजार तक झांकी मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान सदर बाजार क्षेत्र में जर्जर घोषित 15 मकानों का भी निरीक्षण किया गया और संबंधित भवन स्वामियों के नाम से नोटिस मकानों पर चस्पा किए गए।

नगर निगम की ओर से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भवन मालिकों को निर्देश दिए गए हैं कि झांकी वाले दिन जर्जर मकानों को खाली कराकर उनमें ताला लगाया जाए। साथ ही किसी भी दर्शनार्थी को जर्जर भवन की छत या ऊपरी हिस्से पर चढ़ने की अनुमति नहीं दी जाए, ताकि किसी तरह की दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।

महापौर ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि जर्जर भवनों के स्वामियों के अन्यत्र चले जाने की स्थिति में संबंधित जर्जर मकानों के सामने बैरिकेड्स लगाए जाएं। इसका उद्देश्य झांकी देखने पहुंचने वाले नागरिकों को जर्जर भवनों के सामने खड़े होने से रोकना और उन्हें सुरक्षित रखना है।

निरीक्षण के दौरान नगर निगम रायपुर के लोक कर्म विभाग के अध्यक्ष दीपक जायसवाल, नगर निवेशक आभाष मिश्रा, कार्यपालन अभियंता आशुतोष सिंह, जोन-4 के कार्यपालन अभियंता शेखर सिंह, नगर निवेश विभाग के संबंधित अधिकारी तथा संबंधित पुलिस थाना के अधिकारी मौजूद रहे। नगर निगम और पुलिस प्रशासन द्वारा झांकी मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *