Balrampur News: प्रेमिका ने मिलने बुलाया, पति के साथ मिलकर हत्या का आरोप; जंगल में अलग-अलग जगह मिला सिर और धड़

Chhattisgarh Balrampur News: बलरामपुर। जिले में दो दिन से लापता युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक को उसकी प्रेमिका ने मिलने के लिए बुलाया था, जहां महिला ने अपने पति के साथ मिलकर कथित तौर पर उसकी हत्या कर दी। आरोपियों ने शव के सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया था। मामले में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, अमीम अंसारी ने 3 अक्टूबर को डौरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका भाई वसीम अंसारी 2 अक्टूबर की शाम करीब 6 बजे एक्टिवा स्कूटी से गांव की ओर जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों और रिश्तेदारों के यहां उसकी तलाश की गई, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। अगले दिन सुबह करीब 8 बजे वसीम की एक्टिवा स्कूटी क्रमांक CG15CQ3388 मक्का बाड़ी के पास मिली, लेकिन वसीम का पता नहीं चला।

रिपोर्ट के बाद पुलिस ने गुमशुदगी से जुड़े मामले की जांच शुरू की। इसी दौरान ग्रामीणों से सूचना मिली कि ग्राम भीतर चिल्मा उबका जंगल में नाले के पास एक गड्ढे में एक व्यक्ति का कटा हुआ सिर पड़ा है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वसीम के भाई से सिर की पहचान कराई गई। परिजन ने उसकी पहचान वसीम अंसारी के रूप में की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार से महत्वपूर्ण जानकारी मिली। जांच में मनबासो के मृतक वसीम के साथ पूर्व परिचय और संबंध होने की बात सामने आई।

पुलिस के मुताबिक, 2 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे मनबासो ने मोबाइल फोन से वसीम को मिलने के लिए बुलाया था। आरोप है कि वसीम के पहुंचने के बाद मनबासो और उसके पति सोनू खैरवार ने कुल्हाड़ी से हमला कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को ठिकाने लगाने के उद्देश्य से सिर और धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस मामले में हत्या की पूरी परिस्थितियों, शव के अन्य हिस्सों की बरामदगी और वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है।

गिरफ्तार आरोपियों में सोनू खैरवार उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम कोटडीह, थाना पस्ता और मनबासो उम्र 25 वर्ष, निवासी ग्राम कोटडीह, थाना पस्ता शामिल हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *