Chhattisgarh Gariyaband News: गरियाबंद। उदंती सीतानदी अभ्यारण्य से गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए अब रात के समय सफर पर प्रतिबंध रहेगा। हाई कोर्ट के निर्देश के बाद अभ्यारण्य क्षेत्र में शाम 7 बजे से सुबह 6 बजे तक सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही पर रोक लागू कर दी गई है। यह व्यवस्था सालभर के लिए लागू की गई है और नेशनल हाईवे-130C के उस हिस्से पर भी प्रभावी होगी, जो अभ्यारण्य क्षेत्र से होकर गुजरता है। ऐसे में रायपुर से देवभोग जाने वाले यात्रियों को शाम 7 बजे के बाद इस मार्ग की जगह वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करना पड़ेगा।
अभ्यारण्य क्षेत्र में प्रवेश के प्रमुख मार्गों पर स्थित इंदागांव और तोरेंगा बैरियर शाम 7 बजे बंद कर दिए जाएंगे। सुबह 6 बजे तक इन नाकों से किसी भी तरह के वाहन को आगे जाने की अनुमति नहीं होगी। बताया गया है कि हाईवे का करीब 30 किलोमीटर हिस्सा अभ्यारण्य क्षेत्र में आता है। रात के समय वन्यजीवों की आवाजाही और मानव-वन्यजीव टकराव की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से यह प्रतिबंध लागू किया गया है। पहले यात्री बसों और निजी वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई थी, लेकिन अब यह छूट भी समाप्त कर दी गई है।
प्रतिबंध के पालन की निगरानी के लिए इंदागांव और तोरेंगा बैरियर पर CCTV कैमरों से ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जा रही है। इससे रात के समय वाहनों की आवाजाही पर नजर रखने के साथ बैरियर पर तैनात व्यवस्था की भी निगरानी की जा सकेगी।
उदंती सीतानदी अभ्यारण्य के उपनिदेशक वरुण जैन ने रात में वाहनों की आवाजाही पर रोक लागू किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पिछले छह महीनों में भालू, तेंदुए और अन्य वन्य प्राणियों से जुड़े मानव-वन्यजीव संघर्ष की गंभीर घटनाएं सामने आई हैं। उनके मुताबिक, मानव और वन्यजीवों के बीच टकराव रोकने के लिए न्यायालय के निर्देशों के तहत रात के समय अभ्यारण्य क्षेत्र में वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाई जा रही है।
हालांकि, मेडिकल या ऐसी अन्य आपात परिस्थितियों में, जहां सीधे जीवन बचाने की जरूरत हो, वाहनों को प्रतिबंधित समय में जाने की अनुमति दी जाएगी। रात में इस मार्ग से सफर करने वाले यात्रियों पर प्रतिबंध का सीधा असर पड़ेगा। जानकारी के अनुसार, शाम 7 बजे के बाद रायपुर से देवभोग की ओर जाने वाली पांच से अधिक यात्री बसें इस मार्ग से गुजरती हैं। इसके अलावा जिला मुख्यालय या राजधानी में काम के सिलसिले में आने-जाने वाले लोग भी इस मार्ग का इस्तेमाल करते हैं। अब रात में हाईवे से आवाजाही बंद होने के कारण यात्रियों को अपना सफर निर्धारित समय से पहले पूरा करना होगा या वैकल्पिक मार्ग का सहारा लेना पड़ेगा।
