Jashpur Ganja Seized Latest News: जशपुर: छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मिनी ट्रक से 632 किलो 380 ग्राम गांजा बरामद किया है। तस्कर ने गांजे के पैकेटों को खाली बोतलों से भरी बोरियों के नीचे छिपाकर रखा था। पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बहराइच निवासी विनोद कुमार गुप्ता (42) को गिरफ्तार किया है। आरोपी ओडिशा से गांजे की खेप लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था।
पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे, मिनी ट्रक, मोबाइल और नकदी समेत कुल जब्ती की कीमत करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए है। मामला तपकरा थाना क्षेत्र का है।
20 बोरियों से मिले गांजे के 597 पैकेट
4 अक्टूबर की सुबह करीब 10 बजे लावाकेरा पुलिस चेकिंग बैरियर पर एंटी नारकोटिक्स टीम और तपकरा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ओडिशा की ओर से आने वाले संदिग्ध वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान ओडिशा की ओर से आ रहे मिनी ट्रक क्रमांक UP-47-AT-9839 को संदेह के आधार पर रोका गया। ट्रक के ऊपर खाली बोतलों की शीशियों से भरी बोरियां रखी हुई थीं। पुलिस ने जब इन बोरियों को हटाकर नीचे रखी बोरियों की जांच की तो उनमें टेप से लिपटे पैकेट मिले। पैकेट खोलने पर गांजा बरामद हुआ। जांच के दौरान कुल 20 बोरियों से 597 पैकेट मिले, जिनका कुल वजन 632.380 किलो पाया गया।
दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
पुलिस ने मिनी ट्रक चालक विनोद कुमार गुप्ता से वाहन और माल से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गांजा ओडिशा से लेकर उत्तर प्रदेश जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 632.380 किलो गांजा, तस्करी में इस्तेमाल मिनी ट्रक, दो मोबाइल फोन और 3 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं।
गांजे की कीमत 3.16 करोड़, ट्रक समेत 3.41 करोड़ की जब्ती
पुलिस के अनुसार बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ 16 लाख 19 हजार रुपए है। वहीं मिनी ट्रक की कीमत करीब 25 लाख रुपए और मोबाइल फोन की कीमत लगभग 25 हजार रुपए आंकी गई है। नकदी समेत कुल जब्ती करीब 3 करोड़ 41 लाख 47 हजार रुपए बताई गई है।
दो दिन पहले भी इसी बैरियर पर पकड़ी थी बड़ी खेप
खास बात यह है कि लावाकेरा चेकिंग बैरियर पर दो दिन पहले भी पुलिस ने एक मिनी ट्रक से 440.63 किलो गांजा जब्त किया था। उस मामले में भी गांजे को ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा था। तस्करों ने पुलिस को चकमा देने के लिए गांजे के पैकेटों के ऊपर मिर्च से भरी बोरियां रखी थीं। उस कार्रवाई में करीब 2 करोड़ 20 लाख 31 हजार 500 रुपए कीमत का गांजा जब्त किया गया था और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया था।
तस्करी के पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
मामले में तपकरा थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 20(बी)(ii)(सी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि गांजे की खेप कहां से खरीदी गई थी और उत्तर प्रदेश में इसकी डिलीवरी किसे की जानी थी।
एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने बताया कि सरगुजा रेंज आईजी दीपक कुमार झा के निर्देश पर नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। लावाकेरा बैरियर पर 6 क्विंटल से अधिक गांजा बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अब इस तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है।
