Chhattisgarh News: भारत-जिम्बाब्वे महिला T20 सीरीज को लेकर हाईलेवल बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर फोकस, तैयारियों की हुई समीक्षा

Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, परसदा में भारत महिला और जिम्बाब्वे महिला के बीच होने वाली टी-20 सीरीज की तैयारियों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में हुई बैठक में मैचों के सफल और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासनिक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच तीन अंतर्राष्ट्रीय टी-20 मुकाबले 16, 18 और 20 अक्टूबर 2026 को नवा रायपुर में खेले जाएंगे। बैठक में मुख्य सचिव ने खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों को सभी संबंधित विभागों के साथ आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर विशेष फोकस

मुख्य सचिव ने मैचों के सुचारू संचालन और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश पुलिस विभाग और आयोजक संस्थाओं को दिए। स्टेडियम परिसर और सभी पार्किंग क्षेत्रों में सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। टिकट धारकों को निर्धारित अनुपात में पार्किंग पास भी उपलब्ध कराए जाएंगे। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को पुलिस, एनआरडीए, सीएससीएस और बीसीसीआई के समन्वय से व्यवस्थित किया जाएगा। वहीं, आवश्यक विद्युत व्यवस्था सीएसपीडीसीएल और ऊर्जा विभाग द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।

ऑनलाइन टिकट और दर्शकों के लिए ओपन वाई-फाई

मैचों के टिकटों का वितरण ऑनलाइन किया जाएगा। दर्शकों को ई-टिकट स्कैन कर स्टेडियम में आसानी से प्रवेश मिल सके, इसके लिए स्टेडियम परिसर में ओपन वाई-फाई की व्यवस्था की जाएगी। टिकट पर स्टेडियम का नाम ‘शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, नवा रायपुर अटल नगर’ स्पष्ट रूप से दर्ज रहेगा। स्टेडियम के भीतर खाद्य सामग्री और पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था के संबंध में भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

लोकल सपोर्ट कमेटी करेगी अंतर-विभागीय समन्वय

मैचों के सफल संचालन के लिए रायपुर कलेक्टर की अध्यक्षता में लोकल सपोर्ट कमेटी गठित की गई है। समिति में रायपुर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त, खेल एवं युवा कल्याण संचालक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता, एनआरडीए और छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि शामिल हैं। यह समिति आयोजन से जुड़े विभिन्न विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करेगी और स्थानीय स्तर पर व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी।

एम्बुलेंस, ग्रीन कॉरिडोर और फायर सेफ्टी की व्यवस्था

स्वास्थ्य विभाग द्वारा नजदीकी अस्पतालों की मैपिंग की जाएगी और आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस तैनात रहेगी। आपातकालीन इलाज और वीवीआईपी आवागमन के लिए ग्रीन कॉरिडोर का मार्ग निर्धारित किया गया है। गृह एवं अग्निशमन विभाग द्वारा फायर ब्रिगेड, पर्याप्त पानी की उपलब्धता और आपातकालीन स्थिति में इस्तेमाल होने वाले मार्गों का चिन्हांकन किया जाएगा।

मोबाइल नेटवर्क और अन्य सुविधाओं की भी होगी व्यवस्था

स्टेडियम परिसर और आसपास के क्षेत्रों में मोबाइल नेटवर्क की उपलब्धता सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी बीएसएनएल को दी गई है। वहीं, बिजली, यातायात, पार्किंग, सुरक्षा, स्वास्थ्य और अग्निशमन समेत सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को मैचों से पहले पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुई बैठक में परिवहन विभाग के सचिव एस. प्रकाश, खेल एवं युवा कल्याण विभाग के यशवंत कुमार, पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला, संचालक जनसम्पर्क आशीष टिकरिया, एमडी टूरिज्म सौमिल रंजन चौबे सहित रायपुर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, एनआरडीए, खेल एवं युवा कल्याण, फायर एंड सेफ्टी, एयरपोर्ट अथॉरिटी, सीएसपीडीसीएल, पीडब्ल्यूडी और छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ के अधिकारी शामिल हुए।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *