बिलासपुर | न्यायधानी के सिविल लाइन थाना क्षेत्र के अंतर्गत वेयरहाउस रोड (पद्मश्री श्यामलाल चतुर्वेदी स्मार्ट रोड) पर रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। संजीवनी अस्पताल के सामने एक तेज रफ्तार कार ने रॉन्ग साइड से आकर स्कूटी सवार 17 वर्षीय छात्र को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि कार को एक नाबालिग चला रहा था। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
अपोलो अस्पताल में तोड़ा दम
मृतक छात्र की पहचान मंगला के अभिषेक विहार निवासी रूद्र प्रताप शर्मा (17 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद लहूलुहान हालत में छात्र को तुरंत सिम्स (CIMS) अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे अपोलो अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी छात्र की जान नहीं बचाई जा सकी और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हवा में कई फीट उछला छात्र, स्कूल बस से भी भिड़ी कार
इस दर्दनाक हादसे का एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि:
-
एक काले रंग की कार बेहद तेज रफ्तार में गलत दिशा (Wrong Side) से आ रही थी।
-
कार ने सामने से आ रहे स्कूटी सवार रूद्र प्रताप को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि वह हवा में कई फीट ऊपर उछलकर सड़क किनारे जा गिरा।
-
छात्र को टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार सामने खड़ी एक स्कूल बस से जा भिड़ी, जिससे कार के परखच्चे उड़ गए।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर इलाके में हड़कंप मच गया है।
पुलिस ने कार की जब्त, नाबालिग चालक पर होगी कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार (नंबर: CG 10 BH 7752) को अपने कब्जे में ले लिया है। जांच के दौरान पता चला कि कार का चालक नाबालिग है।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। नए मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अब इस मामले में नाबालिग के परिजनों या कार मालिक पर भी शिकंजा कसा जाएगा, जिसमें भारी जुर्माना और जेल की सजा का प्रावधान है।
