रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित प्रदेश के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल— डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति अस्पताल (मेकाहारा) में मंगलवार दोपहर अचानक हड़कंप मच गया। मेडिसिन विभाग के इमरजेंसी वार्ड में लगे एयर कंडीशनर (एसी) में भीषण आग लग गई, जिससे पूरे वार्ड और गलियारे में घना धुआं भर गया।
राहत की बात यह रही कि डॉक्टरों, अस्पताल स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने त्वरित मुस्तैदी दिखाते हुए सभी मरीजों और उनके परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
एसी कंप्रेसर में धमाके की आशंका
जानकारी के मुताबिक, दोपहर के वक्त मेडिसिन इमरजेंसी में लगे एसी से अचानक तेज धुआं उठने लगा और कुछ ही सेकंड में लपटें निकलने लगीं। प्राथमिक अनुमान जताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट या एसी कंप्रेसर फटने (Blast) की वजह से यह हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुँचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत बिजली सप्लाई कट कर कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह से काबू पाया। फिलहाल सभी मरीजों को वैकल्पिक वार्डों में शिफ्ट कर इलाज जारी रखा गया है।
बार-बार क्यों सुलग रहा मेकाहारा? मेंटेनेंस पर उठे गंभीर सवाल
मेकाहारा प्रदेश का सबसे बड़ा रिफरल अस्पताल है, जहाँ रोज़ाना हज़ारों मरीज पहुँचते हैं। लेकिन अस्पताल परिसर में एसी कंप्रेसर फटने की यह कोई पहली घटना नहीं है।
इससे पहले भी ऑपरेशन थिएटर (OT) में सर्जरी के दौरान एसी का कंप्रेसर फटने से आग लग चुकी है। बार-बार हो रहे ऐसे हादसों ने अस्पताल प्रबंधन के कूलिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिक नेटवर्क और सुरक्षा मेंटेनेंस (Maintenance) के दावों की पोल खोल कर रख दी है। फिलहाल पुलिस और फायर डिपार्टमेंट की संयुक्त टीम मामले की तकनीकी जांच में जुटी हुई है।
