Durg News: देवेंद्र यादव बोले- टाउनशिप का एक भी घर खाली नहीं होने देंगे, आंदोलन रहेगा जारी

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भिलाई इस्पात संयंत्र (BSP) के टाउनशिप में आवास खाली कराने के नोटिस और हाउस लीज, लाइसेंस आवासों व रिटेंशन नीति में बदलाव के विरोध में शनिवार शाम युवा कांग्रेस ने बड़ा प्रदर्शन किया। भिलाई बचाओ के पोस्टर और बैनर लेकर बड़ी संख्या में रिटेंशनधारी, लाइसेंसधारी और युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मुर्गा चौक पहुंचे और बीएसपी प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और सीआईएसएफ की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। मुर्गा चौक से आगे कई स्थानों पर बैरिकेड लगाए गए थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ आक्रोशित प्रदर्शनकारी पहला बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने लगे। इसके बाद जनसंपर्क विभाग के पास लगाए गए दूसरे बैरिकेड पर पुलिस और सीआईएसएफ ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और सुरक्षा बलों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। अलग-अलग सेक्टरों से पहुंचे लोगों को संबोधित करने भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव भी धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने बीएसपी प्रबंधन पर टाउनशिप की मौजूदा बसावट को खत्म करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

देवेंद्र यादव ने कहा कि 10 हजार से अधिक आवासों को खाली करने के नोटिस दिए जा चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आवास खाली कराने के बाद इन्हें किसी निजी संस्था को दिए जाने की योजना है। उन्होंने कहा कि टाउनशिप का एक भी घर खाली नहीं होने दिया जाएगा और आवास बचाने की लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

प्रदेश यूथ कांग्रेस महासचिव जुल्फिकार अहमद सिद्दीकी के नेतृत्व में हुए प्रदर्शन में हाउस लीज, लाइसेंस और रिटेंशन आवासों से जुड़े फैसलों को वापस लेने की मांग की गई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि टाउनशिप में रहने वाले लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए बीएसपी प्रबंधन को अपने फैसलों पर पुनर्विचार करना चाहिए। युवा कांग्रेस ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *