Bilaspur News : अरपा नदी में नहाने गए किशोर की मौत, दो घंटे के रेस्क्यू के बाद मिला सौरभ का शव

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। सरकंडा थाना क्षेत्र के जबड़ापारा के पास गुरुवार दोपहर अरपा नदी में नहाने गए 14 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान जबड़ापारा निवासी सौरभ धुरी के रूप में हुई है। हादसे की सूचना के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद किशोर का शव नदी से बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, सौरभ धुरी गुरुवार को अपने चार-पांच दोस्तों के साथ अरपा नदी में नहाने गया था। सभी बच्चे करीब दोपहर 12 बजे नदी पहुंचे थे। नहाने के दौरान सौरभ नदी के गहरे हिस्से की ओर चला गया और अचानक पानी में डूबने लगा। दोस्तों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वे सफल नहीं हो सके।

इसके बाद बच्चों ने आसपास के लोगों और सौरभ के स्वजन को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और किशोर की तलाश शुरू कराई। नदी में पानी की गहराई अधिक होने के कारण एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया।

एसडीआरएफ के जवानों ने नदी में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर लगभग 2 बजे सौरभ का शव नदी से बरामद कर लिया गया।

शव मिलने की खबर के बाद मौके पर मौजूद स्वजन में कोहराम मच गया। दोस्तों के साथ नहाने और खेलने निकले सौरभ की मौत की खबर से परिवार में मातम पसरा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मर्ग कायम कर मामले की जांच की जा रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *