राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर क्षेत्र से मानवता को शर्मसार कर देने वाला एक दर्दनाक मामला सामने आया है। बीती रात एक्सप्रेसवे के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित वाहन की चपेट में आने से गौ माता की तड़प-तड़पकर मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में स्थानीय निवासियों और गोसेवकों में भारी आक्रोश फैल गया।
500 मीटर तक घसीटता ले गया चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बीती रात एक 407 वाहन (क्रमांक MH40CT8385) सिटी सेंटर मॉल से देवेंद्र नगर एक्सप्रेसवे की ओर जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक ने लापरवाही और तेज रफ्तार से गाड़ी चलाते हुए सड़क पर जा रही गौ माता को जोरदार टक्कर मार दी।
हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद भी चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और गौ माता को करीब 500 मीटर तक घसीटते हुए एक्सप्रेसवे के पास तक ले गया।
स्थानीय लोगों ने घेराबंदी कर रोका वाहन
घटना को देख आसपास के लोगों में गुस्सा भड़क उठा। स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए वाहन को रोक लिया, लेकिन तब तक गौ माता की जान जा चुकी थी। आक्रोशित लोगों ने तुरंत घटना की सूचना देवेंद्र नगर थाना पुलिस को दी।
वाहन जब्त, चालक पर कानूनी कार्रवाई जारी
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटनाकारित 407 वाहन (MH40CT8385) को जब्त कर लिया है और आरोपी वाहन चालक को हिरासत में लेकर वैधानिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर साक्ष्य जुटा रही है।
