Durg News: BTech स्टूडेंट निकले चैन स्नैचर, बुजुर्ग महिलाओं को बनाते थे निशाना, पुलिस ने युवक-युवती को पकड़ा

Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। दुर्ग पुलिस ने चैन स्नैचिंग के मामलों का खुलासा करते हुए BTech की पढ़ाई कर रहे एक युवक और युवती को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों कॉलेज में साथ पढ़ते हैं और पैसों की जरूरत के चलते चैन स्नैचिंग की योजना बनाकर वारदातों को अंजाम देते थे। दोनों आरोपी सुपेला थाना क्षेत्र में बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे।

दरअसल, 31 जुलाई को प्रियदर्शनी परिसर में 62 वर्षीय गीता देवी सुबह करीब साढ़े 6 बजे घर के सामने टहल रही थीं। इसी दौरान स्कूटी सवार युवक-युवती वहां पहुंचे और पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। इसके बाद 20 सितंबर को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में भी गीता देवी को दोबारा निशाना बनाए जाने की जानकारी सामने आई।

लगातार हुई वारदातों के बाद पुलिस ने CCTV फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान की। पुलिस ने विक्की नायक और तरूणा सिन्हा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने चैन स्नैचिंग की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया।

पुलिस के मुताबिक आरोपी सुबह के समय स्कूटी से इलाके में घूमते थे और पैदल टहलने वाली बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाते थे। वारदात के दौरान युवती स्कूटी चलाती थी, जबकि युवक मौका मिलते ही महिला के गले से चेन झपटकर फरार हो जाता था। पुलिस के अनुसार पहचान छिपाने के लिए दोनों हेलमेट और कपड़ों का इस्तेमाल करते थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी जब्त की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *