रायपुर: छत्तीसगढ़ की खेल प्रतिभाओं के लिए आज का दिन बेहद ऐतिहासिक और गर्व से भरा रहा। राजनांदगांव जिले की होनहार और प्रतिभाशाली युवा क्रिकेटर महक नरवासे को भारतीय महिला अंडर-19 क्रिकेट टीम के आगामी श्रीलंका दौरे के लिए टी-20 और वनडे, दोनों फॉर्मेट की टीमों का उपकप्तान (Vice-Captain) नियुक्त किया गया है।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सूबे के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में महक नरवासे से सौजन्य मुलाकात की और उन्हें शॉल व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस खास मौके पर केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह और सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
“पूरी छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय” – CM साय
मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने महक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा:
“महक नरवासे की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार या राजनांदगांव जिले की नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। प्रदेश की बेटियां आज खेल सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। महक ने अपनी मेहनत, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह
हासिल किया है, जो प्रदेश की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणादायी है।”
मुख्यमंत्री ने महक को प्रोत्साहित करते हुए मंत्र दिया— “खूब खेलो, आगे बढ़ो और नई ऊंचाइयों को छुओ।”
खेल प्रतिभाओं को निखार रही है राज्य सरकार
सीएम साय ने इस बात पर जोर दिया कि छत्तीसगढ़ सरकार राज्य के युवा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर और मंच उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। महक का टीम इंडिया की उपकप्तान के रूप में चयन इस बात का प्रमाण है कि प्रदेश में खेल का एक शानदार और सकारात्मक माहौल विकसित हो रहा है।
अपनों के बीच बंटा खुशियों का पल
मुख्यमंत्री से मिले इस सम्मान और स्नेह के लिए महक नरवासे ने उनके प्रति सहृदय आभार व्यक्त किया। इस गौरवमयी क्षण के दौरान महक के पिता राधेश्याम नरवासे, महापौर मधुसूदन यादव, उनके कोच मनोज तिवारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे और महक को बधाई दी।
