Janjgir-Champa News: जांजगीर-चांपा। जिला बदर का आदेश मिलने के बावजूद चोरी-छिपे चांपा क्षेत्र में रह रहे एक आदतन बदमाश को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपी ने जिला दंडाधिकारी के आदेश का उल्लंघन किया था, जिसके चलते उसके खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फैजल खान, बरपाली चौक चांपा का निवासी है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए जिला दंडाधिकारी ने उसे एक वर्ष के लिए जांजगीर-चांपा, सक्ती, कोरबा, बिलासपुर, सारंगढ़-बिलाईगढ़, रायगढ़ और बलौदाबाजार जिले की सीमाओं से बाहर रहने का आदेश जारी किया था।
इसके बावजूद फैजल खान चोरी-छिपे चांपा क्षेत्र में रह रहा था। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि जिला बदर घोषित बदमाश इलाके में मौजूद है। सूचना मिलते ही थाना चांपा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी के जिला बदर आदेश का उल्लंघन करने की पुष्टि होने पर पुलिस ने उसके खिलाफ राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा 14 के तहत मामला दर्ज किया और कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद उसे जेल भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अशोक वैष्णव के नेतृत्व में एएसआई बलवंत घृत लहरे, आरक्षक श्याम राठौर, ईश्वरी राठौर और गौरी शंकर राय की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
पुलिस ने कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला बदर अपराधियों की लगातार निगरानी की जा रही है। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
