Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। राजधानी के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह के मुख्य कार्यक्रम में घुड़सवार दल, महिला बैगपाइपर बैंड और छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। घुड़सवार दल ने साहस और कौशल का प्रदर्शन किया, वहीं महिला बैंड की लयबद्ध धुनों और प्रशिक्षित श्वानों की दक्षता ने समारोह में आकर्षण बढ़ा दिया।
तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने हॉर्स शो के दौरान फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, जंपिंग और गैलप राउंड जैसी रोमांचक प्रस्तुतियां दीं। आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट का प्रदर्शन किया। टेंट पैगिंग में अश्व रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
शो जंपिंग में अश्व युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने अपने कौशल का प्रदर्शन किया। घुड़सवार दल की प्रस्तुतियों पर मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ जवानों और अश्वों का उत्साह बढ़ाया।
आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड ने भी समारोह में आकर्षक प्रस्तुति दी। 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यों वाले इस बैंड ने क्विक मार्च के दौरान इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें प्रस्तुत कीं। स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील के साथ ड्रम कॉल भी सुनाया गया।
महिला बैगपाइपर बैंड के सदस्यों ने सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों से मनमोहक धुनें बजाईं। बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित ITBP के BTC मानु में छह महीने का प्रशिक्षण प्राप्त किया था।
इस महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था। वहीं हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल मिला था। इसी प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर ने बेस्ट कंडक्टर और ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब भी हासिल किया था।
समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता, अनुशासन और सूंघने की क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में प्रशिक्षित श्वानों ने सात अलग-अलग विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन कर अपनी क्षमता दिखाई। पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया, जबकि प्रशिक्षित श्वानों ने कमल फूल की आकृति में व्यवस्थित होकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।
प्रशिक्षित श्वानों ने गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का पूरी दक्षता से पालन किया। आग से जल रही गोल रिंग के बीच से श्वान दुलार, मेरी और शिवा ने छलांग लगाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इसके अलावा श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्री को खोजने का प्रदर्शन भी किया।
डॉग स्क्वाड के श्वानों ने कई गंधों के मिश्रण के बीच निर्धारित गंध की पहचान करने और रूमाल सूंघकर संबंधित व्यक्ति को पहचानने की क्षमता का भी प्रदर्शन किया। समारोह में इन प्रस्तुतियों ने स्वतंत्रता दिवस के आयोजन को रोमांच, उत्साह और देशभक्ति से भर दिया।
