BJYMO Leader FIR Raipur : भाजयुमो नेता की दबंगई: गुढ़ियारी थाने में तोड़फोड़, FIR दर्ज; कांग्रेस ने मांगी बुलडोजर कार्रवाई

BJYMO Leader FIR Raipur

रायपुर: राजधानी के गुढ़ियारी थाने में देर रात तक डीजे बजाने पर हुई पुलिस कार्रवाई के बाद जमकर हंगामा हुआ। भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYMO) के जिला उपाध्यक्ष शुभांकर द्विवेदी ने पुलिस पर दबाव बनाते हुए थाना परिसर में विवाद किया और तोड़फोड़ कर दी। पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के तहत FIR दर्ज कर ली है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने निर्धारित समय-सीमा के बाद नियम विरुद्ध डीजे बजाए जाने पर जब जब्ती की कार्रवाई की, तो शुभांकर द्विवेदी वाहन और संबंधित व्यक्ति को छुड़वाने थाने पहुंचा। आरोप है कि कार्रवाई रुकवाने का दबाव बनाते हुए उसने पुलिस अधिकारियों से बदसलूकी की और आक्रोश में आकर थाने में तोड़फोड़ कर दी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

नॉर्थ DCP का बयान

मामले पर नॉर्थ DCP दीपमाला कश्यप ने बताया, “दोपहर के वक्त शुभांकर द्विवेदी डीजे वाहन छुड़वाने आया था। इस दौरान उसने थाने में विवाद और तोड़फोड़ की। मामले को तुरंत संज्ञान में लेते हुए आरोपी के खिलाफ शासकीय काम में बाधा डालने और तोड़फोड़ की धाराओं में FIR दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।”

कांग्रेस का हमला: ‘बुलडोजर कार्रवाई और गृह मंत्री का इस्तीफा आए’

घटना के सामने आने के बाद राजनीतिक पारा चढ़ गया है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष श्रीकुमार मेनन ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी राज्य को बिहार बनाने की राह पर ले जा रही है। उन्होंने कहा कि गुढ़ियारी थाने में हुई तोड़फोड़ और टीआई के साथ बदसलूकी के बाद गृह मंत्री विजय शर्मा और पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला को अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। इसके साथ ही कांग्रेस ने आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *