Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग स्थित लाखासर मोड़ के पास डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोबर फेंके जाने की घटना सामने आई है। घटना की जानकारी मिलने के बाद बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और प्रतिमा स्थल पर धरना देकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इस घटना को डॉ. अंबेडकर के अपमान और सामाजिक भावनाओं को आहत करने वाला कृत्य बताया।
बहुजन समाज के कार्यकर्ताओं का आरोप है कि अज्ञात व्यक्ति ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के चेहरे समेत पूरी प्रतिमा पर गोबर फेंका। घटना के बाद प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपी की पहचान करने और उसे तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है।
बहुजन समाज पार्टी तखतपुर के महासचिव अखिलेश कोशले ने घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा के अपमान को किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना में शामिल आरोपी को पांच दिनों के भीतर गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
अखिलेश कोशले ने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होती है, तो बहुजन समाज के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बिलासपुर-तखतपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम कर आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में इसकी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।
फिलहाल प्रतिमा स्थल पर बहुजन समाज के लोगों का धरना जारी है। पुलिस प्रशासन द्वारा मामले की जांच कर आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति न बने, इसे देखते हुए पुलिस की कार्रवाई और आगे की स्थिति पर भी नजर रखी जा रही है।
