Chhattisgarh Raipur News: रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सिंगापुर के तीन दिवसीय दौरे के बाद छत्तीसगढ़ लौट आए हैं। मुख्यमंत्री 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास पर रहे। रायपुर एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा करते हुए दौरे की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सिंगापुर में आयोजित इंडिया ग्रोथ फोरम 2026 में शामिल होकर छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं और राज्य की औद्योगिक क्षमता को उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के सामने रखा गया। इस दौरान प्रदेश में निवेश के लिए करीब 43 हजार 600 करोड़ रुपये के प्रस्ताव मिलने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि सिंगापुर के उद्योग जगत से जुड़े कई प्रतिनिधियों के साथ चर्चा हुई और उन्हें छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आमंत्रित किया गया। उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों के जरिए प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियों को गति मिलने की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री के अनुसार, सिंगापुर दौरे के दौरान एनर्जी कैपिटल ग्लोबल की ओर से 41 हजार 750 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव मिला है। इसके अलावा एग्री बिजनेस वैल्यू इंटरनेशनल कंपनी ने करीब 350 करोड़ रुपये और सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी ने सोलर सेक्टर में करीब 1,500 करोड़ रुपये के निवेश का प्रस्ताव दिया है। सन स्ट्रीम ग्रीन एनर्जी की ओर से बैटरी स्टोरेज और उससे जुड़े कंपोनेंट के क्षेत्र में काम करने की बात कही गई है।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि IT एजुकेशन सर्विस के साथ भी MOU हुआ है। उन्होंने संस्था के IT परिसर का भ्रमण किया और वहां संचालित कौशल विकास मॉडल की जानकारी ली। मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस तरह के सहयोग से प्रदेश में कौशल विकास और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में भी संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
निवेश प्रस्तावों और MOU को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार सभी समझौतों को जांच-परख के बाद आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावों और समझौतों को धरातल पर उतारने का प्रयास किया जाएगा, ताकि प्रदेश की जनता को इसका लाभ मिल सके।
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प अभियान के तहत होने वाले ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में जिम्मेदारी संभाली थी। इसी अवसर पर देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें ‘सेवा ज्योति’ भी शामिल है। मुख्यमंत्री के अनुसार, प्रधानमंत्री आज देशवासियों को संबोधित करेंगे, जिसे जिला मुख्यालयों पर सुना जाएगा।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि 17 सितंबर को देशवासियों ने दीप जलाकर प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दी थीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प के तहत सेवा के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
