Kawardha News : ‘मौत हुई तो कौन जिम्मेदार?’ दूषित पानी पीने को मजबूर 35 बैगा परिवार, प्रशासन पर लापरवाही के आरोप

Chhattisgarh Kawardha News : कवर्धा। 80वें स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच कबीरधाम जिले के बेलापानी गांव से विकास के दावों पर सवाल खड़े करने वाली तस्वीर सामने आई है। ग्राम पंचायत राजाढार के आश्रित गांव बेलापानी में रहने वाले बैगा जनजाति के करीब 35 परिवार बरसात के मौसम में भी दूषित नदी का पानी पीने को मजबूर हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि कई बार शिकायत और मांग के बावजूद अब तक गांव में सुरक्षित पेयजल की कोई स्थायी व्यवस्था नहीं की गई।

ग्रामीणों के मुताबिक, बारिश के दौरान नदी का पानी मटमैला और प्रदूषित हो जाता है, लेकिन मजबूरी में महिलाएं और बच्चे रोज इसी नदी से पानी भरकर घर लाते हैं। दूषित पानी के सेवन से स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है और बाढ़ के समय स्थिति और गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने ग्राम पंचायत, जनपद पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार हैंडपंप लगाने की मांग की। उनका कहना है कि उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा तक भी समस्या पहुंचाई गई, लेकिन अब तक न हैंडपंप लगाया गया और न ही सुरक्षित पेयजल की व्यवस्था की गई।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल हैंडपंप और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि दूषित पानी पीने से किसी की जान जाती है, तो इसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो स्वास्थ्य संबंधी गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *