Abhanpur News: PDS दुकान से निजी पिकअप में चावल लोड होने पर मचा हड़कंप, पुलिस ने वाहन थाने में खड़ा कराया, जांच शुरू

Chhattisgarh Abhanpur News: अभनपुर। गोबरा नवापारा के रेलवे क्रॉसिंग के पास संचालित पीडीएस दुकान से बुधवार सुबह निजी पिकअप वाहन में चावल लोड किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी मिलने के बाद कांग्रेसी पार्षद और कुछ नेता मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही गोबरा नवापारा पुलिस मौके पर पहुंची और चावल से लदे पिकअप वाहन को थाना परिसर में खड़ा कराया।

बताया गया कि संबंधित उचित मूल्य दुकान कुमकुम महिला सशक्तिकरण समूह द्वारा संचालित की जाती है। सुबह करीब 8 बजे दुकान से चावल निजी वाहन में लोड किए जाने की जानकारी सामने आई। इसके बाद मौके पर पहुंचे लोगों ने चावल को निजी पिकअप में ले जाने के उद्देश्य और इसकी अनुमति को लेकर सवाल उठाए। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि वाहन में लोड किया जा रहा चावल किस उद्देश्य से और कहां ले जाया जाना था।

मामले की जानकारी मिलने के बाद खाद्य विभाग की टीम भी जांच के लिए थाने पहुंची। सहायक खाद्य निरीक्षक विवेक शुक्ला और खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और संबंधित पक्षों के बयान दर्ज किए। खाद्य विभाग द्वारा चावल की लोडिंग, परिवहन की प्रक्रिया और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

बताया जाता है कि संबंधित पीडीएस दुकान नगर के वार्ड क्रमांक 20 और 21 के हितग्राहियों के लिए संचालित है। ऐसे में दुकान से चावल बाहर ले जाने की प्रक्रिया के संबंध में नियमों और अनुमति की जांच की जा रही है। जांच में यह पता लगाया जा रहा है कि पिकअप में लोड किया जा रहा चावल किसके लिए था, उसे कहां ले जाया जाना था और इसके लिए निर्धारित प्रक्रिया का पालन किया गया था या नहीं।

खाद्य विभाग की जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि चावल की लोडिंग और परिवहन नियमों के अनुरूप था या नहीं। खाद्य निरीक्षक श्रद्धा चौहान ने मामले में कहा कि जांच जारी है और इस संबंध में जानकारी देने के लिए वे सक्षम अधिकारी नहीं हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *