Chhattisgarh Dhamtari News: धमतरी। जिले के रत्नाबांधा इलाके में तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से 21 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर एंबुलेंस की मदद से घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर रात सागर नागारची पैदल धमतरी की ओर आ रहा था। इसी दौरान रत्नाबांधा इलाके में एक अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहे अभय ठिटे ने घटना की जानकारी इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी के वाइस चेयरमैन शिवा प्रधान को दी।
सूचना मिलते ही शिवा प्रधान अपने साथी डोमन साहू के साथ एंबुलेंस लेकर मौके पर पहुंचे और घायल सागर नागारची को तत्काल जिला अस्पताल धमतरी पहुंचाया। हालांकि, अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद सागर को मृत घोषित कर दिया।
हादसे की सूचना के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। वहीं पुलिस ने अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के क्षेत्र में वाहन और चालक से संबंधित जानकारी जुटा रही है।
